BJP President : भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा ये एक बड़ा सवाल है। पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी काफी बड़ी होती है इसलिए इसका निर्णय लेने में समय लग रहा है। इस संबंध में वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के आवास पर बैठक की गई जिसमें पार्टी के तमाम नेता और आरएसएस के पदाधिकारी भी मौजूद थे। 5 घंटे तक चली बैठक में पार्टी अध्यक्ष को लेकर मंथन किया गया। इसमें जेपी नड्डा का नाम फिर से उठाया गया, हांलाकि कई अन्य नामों पर भी चर्चा हुई लेकिन निर्णय नहीं लिया जा सका। फिलहाल जब तक कोई नया अध्यक्ष नहीं चुना जाता है तब तक वर्तमान अध्यक्ष नड्डा ही ये जिम्मेदारी संभालेंगे।
बैठक में राजनाथ सिंह के अतिरिक्त अमित शाह (Amit Shah) और भाजपा के महासचिव बीएल संतोष (BL Santosh ) के साथ अन्य नेता भी मौजूद थे। RSS से दत्तात्रेय होसबोले (Dattatreya Hosabale) और अरुण कुमार (Arun Kumar) शामिल हुए थे। बैठक में कई अन्य मामलों पर भी चर्चा की गई। इसमें बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार पर भी चर्चा हुई।
नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय देने के बाद चुनना होगा नया अध्यक्ष
लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पार्टी ने विभागों का बंटवारा भी कर दिया है। इसमें जेपी नड्डा को इस बार स्वास्थ्य मंत्रालय दिया गया है। ऐसे में पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा इसे लेकर सवाल शुरू हो गए हैं। राजनाथ सिंह के घर चली लंबी बैठक में भी कोई नाम तय नहीं हो सका है। नड्डा राज्यसभा सदस्य भी हैं।
क्या किसी महिला नेता को सौंपी जा सकती है पार्टी की कमान
रक्षा मंत्री के घर हाईलेवल मीटिंग में कई नामों पर चर्चा हुई लेकिन BJP President के लिए कोई नाम तय नहीं हो सका। अब देखना ये होगा कि क्या पार्टी इस बार किसी महिला नेता पर भरोसा जता सकती है या किसी सीनियर नेता को दोहरी जिम्मेदारी दी जाएगी, फिलहाल पार्टी इस पर विचार कर रही है।
2024 में चार विधानसभा चुनाव भी
वर्ष 2024 में इस बार चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी है। कुछ ही महीनों बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड के साथ जम्मू- कश्मीर भी इस बार चुनाव की तैयारी में दिखाई दे रहा है। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी काफी बड़ी हो गई है। चुनाव की रणनीति तैयार करना, प्रत्याशियों का चयन आदि कई महत्वपूर्ण कार्य पार्टी अध्यक्ष के जिम्मे ही होते हैं।
ये भी पढ़ें: Trainee Doctor Rape Murder : देश भर के 3 लाख डॉक्टर रहे हड़ताल पर, मरीज रहे हलकान