पिताजी स्वस्थ हैं और अगले 5 साल तक आराम से सरकार चला सकते हैं: निशांत

कुर्ता- पायजामा पर बंडी, मुस्कुराता चेहरा, शांति और सहजता के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इंजीनियर बेटे निशांत कुमार ने साफ कर दिया है कि भले वह 20 साल तक राजनीति से दूर रहे लेकिन राजनीति के लिए अनाड़ी नहीं हैं।

Written By : दिलीप कुमार ओझा | Updated on: February 27, 2025 11:03 pm

मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री की सेहत पर सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया, और कहा कि वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं, और अगले पांच साल तक आराम से सरकार चला सकते हैं।

मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने साफ किया कि पिताजी पूरी तरह स्वस्थ हैं, और अगले पांच साल तक आराम से सरकार चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान पूरे बिहार का वे दौरा किये, और सबके सामने हैं। प्रधानमंत्री बिहार आए, उनके साथ रहे, राष्ट्रपति बिहार आईं, उनसे भी मिले, कहां दिक्कत है? जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और राजद नेता तेजस्वी को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि पिताजी सबके सामने तो हैं, अब जिनको जो कहना है, वह कहते रहें। संविधान में सबको अधिकार दिया गया है तो जो बोलना चाहते हैं, बोलते रहें।

कम सीटें मिलीं तब भी तेजी से विकास किये :
निशांत कुमार ने कहा कि पिताजी को जब कम सीटें आईं, उस समय भी विकास की गति बनाए रखें। जब ज्यादा सीटें आईं थीं, तब भी विकास कार्यों को सफलतापूर्वक संचालित करते रहे । तो जनता तो हर तरह से उनकी परीक्षा ले चुकी है। इसलिए मेरा आग्रह है कि एक बार उनको फिर उनको मौका दे। अगले पांच साल तक आराम से वे सरकार चला सकते हैं।

सीएम फेस की घोषणा समय आने पर :
सीएम फेस की घोषणा पर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तो बहुत समय है। अक्टूबर- नवंबर तक तो यह सरकार काम कर सकती है। और जब समय आएगा तो जनता दल यूनाइटेड इसकी घोषणा करेगा। एनडीए की ओर से भी घोषणा की जाएगी। लेकिन अभी इसमें बहुत समय है क्योंकि चुनाव में अभी कई माह की देरी है।

पिताजी निष्काम भाव से कार्य करते हैं :
उन्होंने एक सवाल की जवाब में यह भी कहा कि पिताजी से मैंने यह सीखा है कि निष्काम भाव से कार्य करना चाहिए। उनका यह स्वभाव मुझे बेहद पसंद है। वे हमेशा निष्काम भाव से कार्य करते हैं।

हर क्षेत्र का किया विकास, एक मौका और मिलना चाहिए :
उन्होंने कहा कि आप 19 साल का पन्ना पलट कर देख लीजिए चाहे हॉस्पिटल की बात हो, चाहे सड़क की बात हो, चाहे बिजली की बात हो, हर सेक्टर में पिताजी ने तेजी से बिहार को आगे बढ़ाया है। तो अब यह तो बनता है न कि एक बार उनको और मौका दिया जाए। राजद काल को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था हो, स्वास्थ्य व्यवस्था हो, इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था हो, किसी भी क्षेत्र में नजर उठाई जाये तो पूर्व की अपेक्षा बिहार काफी आगे बढ़ा है। पहले यहां लोग निवेश करने के लिए आना नहीं चाहते थे लेकिन अब तो आ रहे हैं। बड़े- बड़े अस्पताल खुल रहे हैं। सब सामने है।

मोदी जी को पसंद करता हूं, लालू अंकल : यह पूछने पर कि क्या आप प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद करते हैं, उन्हों कहा कि बिल्कुल, भाजपा से गठबंधन है। लालू प्रसाद पर किये सवाल पर उन्होंने कहा कि वे अंकल हैं। हालांकि शादी पर किये गये सवाल को उन्होंने हंस कर टाल दिया। इसी तरह से जदयू कार्यालय पर लगे पोस्टर, और राजनीति में इंट्री के सवाल पर भी सिर्फ मुस्कुराते नजर आये।

ये भी पढ़ें :-नीतीश कैबिनेट विस्तार: BJP ने जातीय गणित साधते हुए 7 मंत्री बनाए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *