अर्थव्यवस्था (Economy) के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने (United Nations) साल 2024 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर (India’s economic growth rate) के अनुमान को संशोधित कर 6.9 फीसदी कर दिया है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र संघ ने जनवरी में 2024 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि 6.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया था।
साल 2024 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.9 फीसदी का अनुमान
संयुक्त राष्ट्र ने गुरुवार को ‘ 2024 के मध्य तक विश्व आर्थिक स्थिति और संभावनाओं’ पर जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने रिपोर्ट में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर के पूर्वानुमान में संशोधन कर साल 2024 में इसके लगभग 7 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान जताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मजबूत सार्वजनिक निवेश और लचीले निजी उपभोग के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था में तेजी बनी रहेगी।
वैश्विक अर्थव्यवस्था 2024 में 2.7 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था साल 2024 में 6.9 फीसदी की विकास दर से बढ़ेगी, जबकि 2025 में यह दर 6.6 फीसदी रहेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, मजबूत घरेलू मांग और मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर (manufacturing and service sector) में भी मजबूत विकास का भारत को फायदा मिला है। वहीं, वैश्विक अर्थव्यवस्था 2024 में 2.7 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है, जो जनवरी के पूर्वानुमान से 0.3 फीसदी ज्यादा है।
क्या होता है जीडीपी और इसका क्या है उपयोग
सकल घरेलू उत्पाद (Gross Domestic Product) यानी जीडीपी एक विशिष्ट समय अवधि में किसी देश के उत्पादित सभी अंतिम वस्तुओं और सेवाओं के बाजार मूल्य का एक मौद्रिक माप होता है। यह आर्थिक गतिविधि का सबसे महत्वपूर्ण संकेतक है, जिसका उपयोग दुनियाभर में उत्पादन मापने के लिए किया जाता है।
मूडीज का 2023-24 मे वास्तविक जीडीपी 8 फीसदी रहने का अनुमान
मूडीज रेटिंग्स ने इसी हफ्ते चालू वित्त वर्ष 2024-25 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.6 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। वहीं, बीते वित्त वर्ष 2023-24 के लिए वास्तविक जीडीपी के अनुमान को संशोधित कर 8 फीसदी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है। यह अंतरराष्ट्रीय कानून को सुविधाजनक बनाने के लिए सहयोग करने के साथ अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, मानव अधिकार और विश्व शांति के लिए कार्यरत है।