भारतीय अर्थव्यस्था (Indian Economy) के र्मोचे पर अच्छी खबर है। देश में निर्मित वस्तुओं का निर्यात (Export of Goods) इस साल अप्रैल (April) में एक फीसदी बढ़कर 34.99 अरब डॉलर का रहा। पिछले साल इसी महीने में यह 34.62 अरब डॉलर रहा था। वहीं, व्यापार घाटा (Trade Deficit) 19.1 अरब डॉलर रहा।
देश का निर्यात अप्रैल में एक फीसदी बढ़कर 34.99 अरब डॉलर
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को जारी आंकड़ों में बताया कि अप्रैल में देश का निर्यात एक फीसदी बढ़कर 34.99 अरब डॉलर रहा। पिछले साल इसी महीने में यह 34.62 अरब डॉलर रहा था। इस दौरान आयात भी 10.25 फीसदी बढ़कर 54.09 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो अप्रैल 2023 में 49.06 अरब डॉलर रहा था।
अप्रैल महीने में देश का व्यापार घाटा 19.1 अरब डॉलर पर
मंत्रालय ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक, रसायन, पेट्रोलियम उत्पाद और औषधि जैसे क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज करने में मदद की है। हालांकि, अप्रैल में कीमती धातुओं का आयात दोगुना से अधिक 3.11 अरब डॉलर रहा। कच्चे तेल का आयात 20.22 फीसदी बढ़कर 16.5 अरब डॉलर हो गया। इस महीने में व्यापार घाटा 19.1 अरब डॉलर रहा, जबकि अप्रैल, 2023 में व्यापार घाटा 14.44 अरब डॉलर था।
निर्यात के र्मोचे पर वित्त वर्ष 2024-25 की शुरुआत बेहतर
वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि इन आंकड़ों से नए वित्त वर्ष 2024-25 की शुरुआत अच्छी होने के संकेत मिलते हैं। इसके आगे भी बने रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 के लिए वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए देश के कुल निर्यात के आंकड़ों को संशोधित कर 778.21 अरब डॉलर कर दिया गया है, जो अभी तक का ‘‘सर्वाधिक’’ है। इससे पिछले पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में व्यापारिक वस्तुओं का निर्यात कुल मिलाकर 437.1 अरब डॉलर रहा, जबकि सेवाओं का निर्यात 341.1 अरब डॉलर रहा था।