भारत दक्षिण कोरिया को हराकर बना एशिया कप हॉकी विजेता, विश्व कप में जगह पक्की की

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को साउथ कोरिया को 4-1 से मात देकर एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए सीधी एंट्री हासिल कर ली।

एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता जीतने के बाद भारतीय हॉकी टीम के सदस्य खुशी मनाते हुए
Written By : डेस्क | Updated on: September 7, 2025 11:10 pm

आठ साल बाद भारत ने एक बार फिर एशिया कप अपने नाम किया है। इससे पहले भारत ने 2017 में यह खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल किया। कोरिया की टीम ने आखिरी क्वार्टर में एकमात्र गोल किया, लेकिन तब तक भारत ने बढ़त मजबूत कर ली थी।

भारत की यह चौथी एशिया कप हॉकी जीत है। खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में ही बढ़त हासिल कर ली। दिलप्रीत ने अपने शानदार स्टिक वर्क से दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं डिफेंडर अमित रोहिदास ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की स्थिति और मजबूत कर दी।

कोरिया की टीम ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए। अंततः भारत ने 4-1 से जीत दर्ज कर आठ साल का इंतजार खत्म किया और ट्रॉफी उठाई।

इस जीत के साथ ही भारत ने एशिया में अपनी बादशाहत फिर से साबित कर दी है। हॉकी प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने टीम के प्रदर्शन को सराहा और उम्मीद जताई कि यह फॉर्म अगले साल होने वाले विश्व कप तक कायम रहेगा।

ये भी पढ़ें :-<Asia Cup Hockey: भारत ने चीन को 7-0 से हराया, फाइनल में दक्षिण कोरिया से भिड़ंत/p>

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *