चाकू लगने के बाद भी भारतीय पायलट ने नहीं छोड़ा मुकाबला
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई में बेहद तेज गिरावट दर्ज हुई। उड़ान के आंकड़ों के अनुसार विमान करीब 14,300 फीट नीचे आया और यह गिरावट लगभग 37 सेकंड में हुई। विमान ने पहले सामान्य आपातकालीन संकेत और बाद में गैरकानूनी हस्तक्षेप से जुड़ा आपात संकेत प्रसारित किया। इसके बाद संभावित विमान अपहरण की आशंका पैदा हो गई।रिपोर्टों के मुताबिक कॉकपिट में हुए संघर्ष में कैप्टन मच्छर घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति को संभालने और विमान को नियंत्रण में रखने के लिए संघर्ष किया। यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने भी कॉकपिट तक पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। बाद में विमान में मौजूद दूसरे प्रशिक्षित पायलटों ने नियंत्रण संभालने में सहायता की और विमान को तबूक की ओर मोड़ा गया।
भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर कौन हैं ?
स्मित मच्छर फ्लायदुबई के बोइंग 737 बेड़े के कैप्टन हैं। उन्होंने जून 2022 में फ्लायदुबई में बतौर कैप्टन काम शुरू किया। इससे पहले वह करीब 11 वर्ष तक स्पाइसजेट में रहे और वहां सीनियर कमांडर तथा लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी निभाई। उनके पेशेवर प्रोफाइल के अनुसार बोइंग 737-800 और 737 मैक्स विमानों पर उनके करीब 9,750 उड़ान घंटे हैं।
सऊदी अरब में सुरक्षित उतरा विमान
आपात स्थिति के बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ दिया गया। वहां विमान सुरक्षित उतर गया। कैप्टन मच्छर और दूसरे पायलट को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। विमान में सवार यात्रियों को भी सुरक्षित बताया गया है। फ्लायदुबई ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
क्या यह आतंकी हमला था ?
यह सवाल अभी जांच के दायरे में है। इजरायली अधिकारियों ने घटना को संभावित आतंकी हमले के कोण से जांचे जाने की बात कही है और कुछ अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि सह-पायलट विमान को क्रैश कराने की कोशिश कर रहा था। दूसरी ओर, फ्लायदुबई ने फिलहाल घटना को केवल विमान में हुई एक गंभीर “इंसिडेंट” के रूप में बताया है और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने को कहा है। इसलिए घटना की मंशा और पूरा घटनाक्रम जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक भारतीय कैप्टन, कई जिंदगियां
यह घटना इसलिए भी असाधारण है कि विमान में संकट पैदा होने के बाद कॉकपिट के भीतर घायल कैप्टन, यात्रियों, क्रू और दूसरे प्रशिक्षित पायलटों के त्वरित प्रयासों से एक बड़ी विमान दुर्घटना टली। कैप्टन स्मित मच्छर के घायल होने के बावजूद स्थिति का मुकाबला करने की भूमिका की सबने सराहना की है। उन्हें संभावित बड़ी त्रासदी को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट के रूप में उल्लेख किया है। एक चाकू का वार, आसमान में बेकाबू होता विमान और सामने मौत—लेकिन घायल भारतीय कैप्टन ने हार नहीं मानी। करीब 180 यात्रियों से भरे विमान की यह उड़ान अंततः सुरक्षित जमीन तक पहुंची।
ये भी पढ़ें :-ईरान का कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला, इजरायल के साथ युद्ध जारी