लोकसभा स्पीकर पर घमासान…बुधवार को होगा मतदान

18वीं लोकसभा में नया इतिहास बन रहा है. लोकसभा स्पीकर (Lok Sabha Speaker) के लिए पहली बार चुनाव होगा. NDA के प्रत्याशी ओम बिरला (OM BIRLA) के सामने INDIA गठबंधन के प्रत्याशी के. सुरेश (K. Suresh) होंगे.

पहली बार लोकसभा स्पीकर के लिए होगा चुनाव
Written By : संतोष कुमार | Updated on: June 25, 2024 3:15 pm

लोकसभा स्पीकर के लिए होगा चुनाव
देश की संसदीय राजनीति में पहली बार लोकसभा स्पीकर (Lok Sabha Speaker के लिए चुनाव होगा. 18वीं लोकसभा का स्पीकर कौन बनेगा, अब यह बुधवार को तय होगा. NDA ने पूर्व स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) को फिर से स्पीकर के लिए उतारा है. वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाली INDA गठबंधन ने अपने प्रत्याशी के सुरेश (K. Suresh) को स्पीकर पद के लिए उतारा है.

लोकसभा स्पीकर के लिए नहीं बन सकी सर्व सम्मति

18वीं लोकसभा के लिए लोकसभा अध्यक्ष पर सत्ता पक्ष औऱ विपक्ष में सर्व सम्मति नहीं बन सकी है. विपक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने विपक्ष से सलाह लिए बगैर अपना उम्मीदवार उतार दिया.

डिप्टी स्पीकर को लेकर अड़ा रहा विपक्ष

लोकसभा में डिप्टी स्पीकर विपक्ष को देने की मांग को लेकर विपक्ष अड़ा रहा. विपक्ष ने सरकार से संसदीय परिपाटी का हवाला देते हुए लोकसभा स्पीकर सत्ता पक्ष का होने के साथ डिप्टी स्पीकर विपक्ष को देने की मांग की. डिप्टी स्पीकर की शर्त नहीं मानने पर लोकसभा स्पीकर के लिए विपक्ष ने भी अपना उम्मीदवार मैदान में उतार दिया.

प्रोटेम स्पीकर के ऐलान के बाद से बन गए टकराव के आसार

प्रोटेम स्पीकर के ऐलान के बाद ही सत्ता पक्ष औऱ विपक्ष में टकराव शुरू हो गया था. कांग्रेस ने सात बार के सांसद महताब भर्तहरि को प्रोटेम स्पीकर बनाने का विरोध किया था. कांग्रेस ने 8 बार के सांसद के सुरेश को प्रोटेम स्पीकर नहीं बनाने से कांग्रेस नाराज थी. नियम के मुताबिक सबसे सीनियर सांसद को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है, लेकिन कांग्रेस ने सरकार पर ऐसा नहीं करने का आरोप लगाया.

NDA के पक्ष में संख्या बल

हालांकि ओम बिरला का लोकसभा अध्यक्ष चुना जाना तय है क्योंकि लोकसभा में संख्या बल NDA के साथ है. लोकसभा अध्यक्ष के साथ ही लोकसभा उपाध्यक्ष का पद भी अब सत्ताधारी पार्टी का ही हो सकता है. क्योंकि सरकार अब डिप्टी स्पीकर भी अपना ही बनाना चाहेगी. उल्लेखनीय है कि 17वीं लोकसभा में कोई डिप्टी स्पीकर नहीं था.

स्पीकर के चुनाव पर आरोप- प्रत्यारोप जारी

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के पास स्पीकर के समर्थन के लिए राजनाथ सिंह का फोन आया था। विपक्ष ने साफ कहा है कि हम स्पीकर को समर्थन देंगे, लेकिन विपक्ष को डिप्टी स्पीकर का पद मिलना चाहिए. राजनाथ सिंह ने दोबारा फोन करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कॉल नहीं आया.

स्पीकर पूरे सदन का होता है- किरण रिजिजू

वहीं संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा स्पीकर पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. स्पीकर पूरे सदन का होता है.

शर्तों पर नहीं चलता लोकतंत्र- चिराग पासवान

NDA की सहयोगी पार्टी लोक जनशक्ति रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि लोकतंत्र शर्तों पर नहीं चलता है. वहीं JDU ने भी कहा कि लोकतंत्र शर्तों के आधार पर नहीं चलता है. उन्होंने कहा सरकार ने सर्वसम्मति बनाने की कोशिश की.

विपक्ष के उम्मीदवार पर ममता को आपत्ति !

लोकसभा स्पीकर के लिए कांग्रेस के के. सुरेश को विपक्ष को उम्मीदवार बनाए जाने पर TMC ने आश्चर्य जताया है. TMC ने कहा कि विपक्ष के उम्मीदवार के घोषणा से पहले उनकी पार्टी से चर्चा नहीं की गई.

बिरला जीते तो दोबारा स्पीकर बनने वाले बीजेपी के पहले सांसद होंगे

NDA की ओर से ओम बिरला दोबारा स्पीकर पद के कैंडिडेट हैं. राजस्थान के कोटा से सांसद ओम बिरला 2019 से 2024 तक स्पीकर रह चुके हैं. अगर वे जीतते हैं तो भाजपा के पहले ऐसे सांसद होंगे, जो लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर का पद संभालेंगे. और अगर वे अपना कार्यकाल पूरा कर लेते हैं तो कांग्रेस के बलराम जाखड़ के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे.

उल्लेखनीय है कि politicalbazaar.com ने स्पीकर पद के लिए चुनाव होने की आशंका पहले ही जता दी थी, पढ़े लिंक की खबर

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *