वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 17 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में GRAP के तीसरे चरण को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया। आयोग के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 17 नवंबर को 204 दर्ज किया गया। मौसम संबंधी पूर्वानुमान में भी आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता में सुधार की संभावना जताई गई थी। 18 नवंबर को AQI 214 रहा, जो अभी भी खराब श्रेणी में है।
स्कूलों में सभी कक्षाओं की ऑफलाइन पढ़ाई
GRAP-3 हटने के बाद दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को सामान्य रूप से फिजिकल मोड में कक्षाएं चलाने का निर्देश दिया है। यह आदेश NDMC, MCD और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों पर भी लागू है।
दरअसल, 6 नवंबर को GRAP-3 लागू होने के बाद पांचवीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई की व्यवस्था की गई थी। स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कक्षाएं चलाने का विकल्प दिया गया था। अब यह व्यवस्था समाप्त हो गई है। इससे उन अभिभावकों को राहत मिलेगी जिन्हें छोटे बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई के लिए घर पर अलग व्यवस्था करनी पड़ रही थी। नियमित कक्षाएं शुरू होने से शिक्षकों को भी पाठ्यक्रम पूरा कराने में आसानी होगी।
GRAP-3 में क्या थीं पाबंदियां ?
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर होने पर GRAP-3 के तहत कई सख्त कदम उठाए गए थे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल थे:
निर्माण कार्यों पर रोक: धूल पैदा करने वाली निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया था। कुछ आवश्यक परियोजनाओं को छूट थी।
वाहनों पर प्रतिबंध: दिल्ली और एनसीआर के कुछ प्रमुख जिलों में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल इंजन वाले चार पहिया हल्के मोटर वाहनों के चलने पर रोक थी।
स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई: पांचवीं तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की व्यवस्था थी।
कार्यालयों में उपस्थिति: राज्य सरकारों को सरकारी और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सीमित करने तथा वर्क फ्रॉम होम पर विचार करने का निर्देश दिया गया था।
पाबंदियां हटने से क्या बदलेगा?
GRAP-3 हटने के बाद BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाले चार पहिया हल्के वाहनों को संबंधित प्रतिबंधित क्षेत्रों में चलने की अनुमति मिल गई है। स्कूलों में सभी कक्षाओं की नियमित पढ़ाई शुरू हो गई है। हालांकि, निर्माण गतिविधियों और कार्यालयों को लेकर पूरी राहत नहीं मिली है।
CAQM के 30 अक्टूबर के अलग आदेश के तहत NCR में धूल पैदा करने वाली तोड़फोड़ और बाहरी निर्माण गतिविधियों पर रोक जारी रहेगी। इसी तरह दिल्ली और आसपास के कुछ जिलों के सरकारी तथा निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति और शेष के लिए वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था का निर्देश भी जारी रहेगा।
राहत मिली, लेकिन खतरा बरकरार
GRAP-1 और GRAP-2 के प्रतिबंध भी लागू रहेंगे। इनमें सड़क की धूल नियंत्रित करने, कचरा और खुले में आग जलाने पर रोक, डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर नियंत्रण तथा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जैसे उपाय शामिल हैं। दिल्ली का AQI 214 होना बताता है कि हवा अभी भी खराब श्रेणी में है। मौसम में बदलाव और हवा की रफ्तार के साथ प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ सकता है। ऐसे में फिलहाल राहत जरूर मिली है, लेकिन प्रदूषण का खतरा पूरी तरह टला नहीं है। दिल्ली के स्कूली बच्चों के लिए सबसे अच्छी खबर यही है कि उनकी नियमित पढ़ाई फिर पटरी पर लौट आई है।
ये भी पढ़ें :-