देश के सबसे बड़े बैंक स्टट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India) यानी SBI के चेयरमैन (Chairman) पद के लिए पात्र उम्मीदवारों का साक्षात्कार (Interview) आज यानी मंगलवार से शुरू हो रहा है। दो दिनों तक चलने वाले साक्षात्कार के जरिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के निदेशकों का चयन करने वाला वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो (Financial Services Institutions Bureau) जिसे संक्षेप में FSIB के नाम से जाना जाता है, इस पद के लिए सर्वाधिक योग्य व्यक्ति का चयन करेगा।
एफएसआईबी मंगलवार से लेगा साक्षत्कार
सूत्रों ने सोमवार को दी जानकारी में बताया कि एफएसआईबी 21 मई, मंगलवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मौजूदा चेयरमैन दिनेश खारा की जगह लेने के लिए पात्र उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगा। दिनेश खारा 28 अगस्त, 2024 को 63 वर्ष की आयु पूरी होने पर एसबीआई के चेयरमैन पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
डीओपीटी के पूर्व सचिव भानु प्रताप शर्मा की अध्यक्षता में होगा ये चयन
एफएसआईबी के प्रमुख कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के पूर्व सचिव भानु प्रताप शर्मा है। केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त चयन पैनल में वित्तीय सेवा सचिव, सार्वजनिक उद्यम विभाग के सचिव और आरबीआई के एक डिप्टी गवर्नर शामिल हैं। इसके अलावा ब्यूरो में ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनिमेष चौहान, आरबीआई के पूर्व कार्यकारी निदेशक दीपक सिंघल और आईएनजी वैश्य बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक शैलेन्द्र भंडारी भी शामिल हैं।
ये चार नाम हैं रेस में आगे
उल्लेखनीय है कि स्थापित परंपरा के मुताबिक स्टेट बैंक के सेवारत प्रबंध निदेशकों (एमडी) के समूह में से ही चेयरमैन की नियुक्ति की जाती है। इन प्रबंध निदेशकों का साक्षात्कार लेने के बाद एफएसआईबी चयनित नाम की सिफारिश सरकार को करेगा। अभी एसबीआई के 4 प्रबंध निदेशक (Managing Director) इस पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। इनके नाम हैं सीएस शेट्टी, अश्विनी कुमार तिवारी, आलोक कुमार चौधरी और विनय एम तोंसे। ये सभी एमडी के पद पर काम कर रहे हैं। इस पर अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति करेगी।