दो-तिहाई के अभाव में गिरा महिला आरक्षण विधेयक: बहुमत के बावजूद 352 का आंकड़ा नहीं छू सकी सरकार

संसद में दो दिन तक चली बहस और जोरदार राजनीतिक टकराव के बाद महिला आरक्षण विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत के अभाव में पारित नहीं हो सका। कुल 528 सांसदों ने मतदान में हिस्सा लिया, जिनमें 298 ने विधेयक के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया। हालांकि, संवैधानिक प्रावधानों के तहत इसे पारित करने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी, जो सरकार जुटाने में विफल रही। सरकार की विफलता न केवल संख्या बल की सीमा को उजागर करता है, बल्कि संसद में सहमति आधारित राजनीति की चुनौती को भी सामने लाता है। खासकर जब विधेयक पारित नहीं होने पर विपक्षी दलों ने मेज थपथपाकर खुशी जाहिर करे।

Written By : रामनाथ राजेश | Updated on: April 18, 2026 12:04 am

मतदान के आंकड़े संकेत देते हैं कि महिला आरक्षण विधेयक को पर्याप्त समर्थन मिला, लेकिन निर्णायक बहुमत से वह दूर रह गया। 298 वोट यह दर्शाते हैं कि प्रस्ताव के प्रति सकारात्मक रुख था, लेकिन विपक्ष की एकजुटता ने इसे पारित होने से रोक दिया। संसद के भीतर यह स्थिति साफ दिखी कि साधारण बहुमत और पूर्ण बहुमत के बीच का अंतर किस तरह विधायी प्रक्रिया को प्रभावित करता है।

दो दिन की बहस, नतीजा शून्य

विधेयक पर दोनों सदनों में दो दिनों तक विस्तृत चर्चा हुई। सत्ता पक्ष ने इसे महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया, वहीं विपक्ष ने प्रक्रिया और प्रावधानों को लेकर गंभीर आपत्तियां उठाईं। लंबी बहस के बावजूद सहमति का अभाव अंततः विधेयक के गिरने का कारण बना।

सियासी संदेश स्पष्ट

मतदान का परिणाम सत्ता और विपक्ष—दोनों के लिए स्पष्ट राजनीतिक संकेत छोड़ता है। सरकार आवश्यक समर्थन जुटाने में असफल रही, जिससे उसकी रणनीतिक सीमाएं सामने आईं। वहीं विपक्ष ने संख्या के स्तर पर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। इस टकराव ने यह भी संकेत दिया कि संसद में अब बड़े संवैधानिक बदलावों के लिए व्यापक राजनीतिक सहमति अनिवार्य होती जा रही है।

चुनावी असर के संकेत

महिला आरक्षण का मुद्दा अब संसद से निकलकर राजनीतिक मैदान में पहुंच चुका है। आने वाले चुनावों में यह एक प्रमुख मुद्दा बन सकता है, जहां सभी दल अपनी-अपनी व्याख्या के साथ मतदाताओं के बीच जाएंगे। विशेषज्ञ मानते हैं कि महिला मतदाताओं पर इसका असर पड़ सकता है और राजनीतिक दल इसे अपने-अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश करेंगे। महिला आरक्षण विधेयक का पारित न हो पाना केवल एक विधायी असफलता नहीं, बल्कि यह संकेत भी है कि भारतीय लोकतंत्र में बड़े सुधारों के लिए केवल बहुमत नहीं, बल्कि व्यापक सहमति की आवश्यकता है। दो-तिहाई के आंकड़े से 52 वोट दूर रह गया यह विधेयक फिलहाल ठहर गया है, लेकिन इससे जुड़ा राजनीतिक और सामाजिक विमर्श अब और तेज होने के संकेत दे रहा है।

ये भी पढ़ें :-जबतक पिता अथवा पति पर निर्भरता रहेगी स्त्रियाँ सशक्त नहीं कही जा सकतीं : हरजोत कौर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *