आतंकी साजिशों की आहट से दिल्ली-उत्तराखंड में हाई अलर्ट; कराची में विस्फोट में 4 की मौत

देश और पड़ोसी पाकिस्तान में एक ही दिन सामने आईं आतंकी घटनाओं और सुरक्षा अलर्ट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। खुफिया एजेंसियों ने संभावित आतंकी खतरे के मद्देनजर दिल्ली और उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी किया है।

Written By : डेस्क | Updated on: June 28, 2026 12:01 am

आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, पुलिस प्रतिष्ठानों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां एक धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही हैं, जिसके बाद यह सतर्कता बढ़ाई गई है।

इसी बीच जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग क्षेत्र में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। विस्फोट के कारणों और इसके पीछे किसी आतंकी संगठन की भूमिका की जांच की जा रही है।

उधर पाकिस्तान के कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय के निकट हुए विस्फोट और गोलीबारी ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार हमले में चार लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। हमले के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और पाकिस्तान में लगभग एक साथ सामने आई ये घटनाएं क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों की गंभीरता को रेखांकित करती हैं। भारत में फिलहाल किसी हमले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खुफिया एजेंसियों के इनपुट को देखते हुए एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस, उत्तराखंड पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां संभावित खतरे के हर पहलू की जांच में जुटी हैं तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें :-सेना के ‘ऑपरेशन महादेव’ में पहलगाम आतंकी हमले के ‘मास्टरमाइंड’ समेत 3 आतंकवादी ढ़ेर

One thought on “आतंकी साजिशों की आहट से दिल्ली-उत्तराखंड में हाई अलर्ट; कराची में विस्फोट में 4 की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *