‘इश्कनामा’ को लेकर जय रंधावा का बड़ा दावा – “यह फिल्म इतिहास बनाएगी”

पंजाबी रोमांटिक और संवेदनशील फिल्म इश्कनामा की टीम ने राजधानी दिल्ली के होटल द ललित में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया, जहां मीडिया को फिल्म की खास झलक दिखाई गई।

Written By : डेस्क | Updated on: July 16, 2026 3:55 pm

यह फिल्म 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान बॉर्डर की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सच्ची प्रेम कहानी से प्रेरित है। कहानी निम्मा, जो भारतीय पंजाब का एक सिख कवि है, और नसीमा, जो पाकिस्तानी पंजाब की एक मुस्लिम युवती है, के इर्द-गिर्द घूमती है। बंटवारे के दर्द और सीमाओं के कारण उनका प्यार अधूरा रह जाता है।

फिल्म में जय रंधावा और शहनाज़ गिल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ सौरभ सचदेवा और अंजुम बत्रा भी मौजूद रहे।
इस मौके पर जय रंधावा ने कहा, “यह फिल्म सच्चे प्यार की कहानी है और मुझे उम्मीद है कि इश्कनामा इतिहास रचेगी। शुरुआत में इसे पंजाबी भाषा में रिलीज किया जाएगा और अगर दर्शकों को पसंद आई, तो इसे अन्य भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “पंजाब से बेहतर जगह ‘इश्कनामा’ के लिए और कोई नहीं हो सकती थी। इस जमीन ने मुझे पहचान दी है, जिसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। इतने सालों में मुझे यहां जो प्यार मिला है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। शहनाज़ और अरविंद जैसे कलाकारों का इस फिल्म में होना इसे और खास बनाता है।”
वहीं शहनाज़ गिल ने कहा कि इश्कनामा सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि उन जज्बातों की कहानी है जिन्हें सरहदें भी रोक नहीं पातीं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म के भावनात्मक पहलुओं और सच्ची कहानी को पर्दे पर उतारने की जिम्मेदारी पर खुलकर बातचीत की। इस मौके पर बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया।
इश्कनामा 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

ये भी पढ़ें :-चांद मेरा दिल : कमियों के बावजूद दिल को छू जाती है ये फिल्म

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *