यह महोत्सव वैश्विक सिनेमा, कला और साहित्य की विविध अभिव्यक्तियों को एक साझा मंच पर लाने की एक महत्त्वपूर्ण पहल है, जो विश्वभर की सांस्कृतिक धाराओं के संगम को प्रतिबिंबित करता है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात फिल्म निर्माता और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित अडूर गोपालकृष्णन थे।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में आईजीएनसीए के अध्यक्ष ‘पद्म भूषण’ राम बहादुर राय, प्रसिद्ध गायिका उषा उत्थुप, विख्यात बांग्लादेशी गायिका रूना लैला तथा वरिष्ठ चित्रकार जतिन दास शामिल रहे। महोत्सव का शुभारंभ फिल्म ‘हर स्टोरी’ (Her Story) के प्रदर्शन के साथ हुआ। पांच दिन के इस महोत्सव के दौरान आईजीएनसीए द्वारा निर्मित विशिष्ट फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, साथ ही विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा।
अपने संबोधन में अडूर गोपालकृष्णन ने कहा कि यह संध्या मित्रता, पारस्परिक सम्मान और स्नेह का अद्भुत अवसर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन केवल एक फिल्म महोत्सव नहीं, बल्कि प्रेम और मित्रता का उत्सव भी है। उन्होंने यह भी कहा कि सिनेमा को शांति और करुणा को बढ़ावा देना चाहिए। इस अवसर पर, ‘मीनार-ए-दिल्ली’ पुरस्कार प्राप्त करते हुए रूना लैला ने कहा कि संगीत सभी सीमाओं को पार कर मानव आत्मा का विभिन्न रूपों में उपचार प्रदान करता है और यह जाति, पंथ या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करता। उषा उत्थुप ने कहा कि दर्शकों के प्रेम और समर्थन के बिना उनकी 57 वर्षों की संगीत यात्रा निरर्थक होती।
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 न केवल सिनेमा प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर प्रदान करेगा, बल्कि विभिन्न देशों की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को समझने और सराहने का एक महत्त्वपूर्ण मंच भी सिद्ध होगा। आयोजकों ने दर्शकों का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि उनकी उपस्थिति ने इस आयोजन की भावना और उत्साह को और अधिक बढ़ाया है।
ये भी पढ़ें :-पश्चिम बंगाल में ‘ममता’ का किला ढहा, भाजपा प्रचंड जीत के साथ पहली बार सत्ता में