भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हो और उसमें आखिरी गेंद तक रोमांच न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। ओमान के अल अमेरात में शनिवार, 14 नवंबर को खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल ने एक बार फिर इस प्रतिद्वंद्विता को यादगार बना दिया। भारत ने पाकिस्तान के 337 रन के जवाब में 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाकर खिताब जीत लिया। इस जीत के हीरो रहे मोहित उल्वा, जिन्होंने महज 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली।
पाकिस्तान ने खड़ा किया 337 रन का विशाल स्कोर
फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए। पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 106 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और तीन छक्के लगाए। अब्दुल कादिर ने भी भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 54 गेंदों पर 80 रन ठोक दिए। कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 गेंदों पर 60 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
उस्मान खान और अब्दुल कादिर के बीच 135 रनों की साझेदारी ने भारतीय गेंदबाजों को दबाव में ला दिया था। पाकिस्तान एक समय 350 रन के पार जाता दिखाई दे रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में वापसी की। काव्या पटेल ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान की रफ्तार पर ब्रेक लगाया, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने तीन विकेट हासिल किए।
सहवाग और कप्तान ने दी मजबूत शुरुआत
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े। सेहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि कप्तान रायचंदानी ने 101 गेंदों पर 80 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।लेकिन कप्तान के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी दबाव में आ गई। अन्वय द्रविड़ 19 रन बनाकर रन आउट हुए। वीके विनीथ ने 24 और अर्जुन राजपूत ने 16 रन का योगदान दिया। इसके बाद लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान की जीत लगभग तय दिखाई देने लगी।
जब आठ विकेट गिरने के बाद भी भारत ने नहीं मानी हार
भारतीय पारी का सबसे मुश्किल दौर तब आया जब टीम के आठ विकेट गिर चुके थे। पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी। ऐसे समय में मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। मनाल ने 32 गेंदों पर 47 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। दोनों के बीच 57 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। मनाल के आउट होने के बाद भी उल्वा ने आक्रामक रुख बनाए रखा। आखिरी 17 गेंदों पर भारत को 29 रन चाहिए थे और सिर्फ एक विकेट बचा था। पाकिस्तान को लग रहा था कि अब ट्रॉफी उसकी झोली में आने वाली है। लेकिन मोहित उल्वा ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 49वें ओवर में मोहम्मद सय्यम की गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़कर समीकरण बदल दिया।
अब अंतिम छह गेंदों पर आठ रन चाहिए थे। पाकिस्तान ने अहमद हुसैन को गेंद थमाई। भारतीय बल्लेबाजों ने संयम के साथ रन जुटाए और अंतिम गेंद पर समीकरण तीन रन तक पहुंच गया। उल्वा ने आगे बढ़कर गेंद को वाइड लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेला। गेंद एक टप्पा खाने के बाद बाउंड्री पार कर गई। चार रन मिले और भारत ने एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली। उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद लौटे और महज एक रन से अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। दूसरे छोर पर चिगुरुपति वेंकट 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
नौ बार का चैंपियन भारत, एशिया कप में कायम बादशाहत
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप में अपना नौवां खिताब जीत लिया। टूर्नामेंट की शुरुआत 1989 में हुई थी। भारत ने पहला खिताब उसी वर्ष श्रीलंका को 79 रन से हराकर जीता था। इसके बाद 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में भी भारत चैंपियन बना। 2012 में पाकिस्तान के साथ फाइनल टाई होने के कारण दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। 2026 का खिताब भारत की इस सूची में नौवीं उपलब्धि है। अब तक आयोजित 13 संस्करणों में भारत नौ बार चैंपियन बना है। बांग्लादेश ने दो बार, पाकिस्तान ने एक बार अकेले और एक बार भारत के साथ संयुक्त रूप से तथा अफगानिस्तान ने एक बार खिताब जीता है। श्रीलंका पांच बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद अब तक खिताब नहीं जीत पाया है।
पाकिस्तान से फाइनल का हिसाब भी भारत के पक्ष में
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में अब तक चार बार मुकाबला हुआ है। 2012 में मैच टाई रहा और दोनों संयुक्त विजेता बने। 2013-14 में भारत ने पाकिस्तान को 40 रन से हराया। 2025 में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से शिकस्त देकर खिताब जीता था। अब 2026 में भारत ने एक विकेट से जीतकर हिसाब बराबर करने के साथ पाकिस्तान से पिछली हार का बदला भी ले लिया।
खास बात यह है कि 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को बड़े अंतर से हराया था, लेकिन इस बार भारतीय युवा खिलाड़ियों ने दबाव में असाधारण धैर्य और जुझारूपन दिखाया।
भविष्य के भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद
इस जीत का महत्व सिर्फ एक ट्रॉफी तक सीमित नहीं है। आर्यवीर सेहवाग, लक्ष्य रायचंदानी, मनाल चौहान और मोहित उल्वा जैसे युवा खिलाड़ियों ने दिखाया है कि भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी में प्रतिभा के साथ दबाव में मुकाबला जीतने का माद्दा भी है। खास तौर पर मोहित उल्वा की पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी। जब आठ विकेट गिर चुके थे और पाकिस्तान को सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी, तब इस युवा बल्लेबाज ने जिस आत्मविश्वास से मुकाबले का रुख बदला, वह भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उम्मीद है। आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हराकर भारत ने सिर्फ एशिया कप नहीं जीता, बल्कि यह संदेश भी दिया कि भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी बड़े मुकाबलों में आखिरी सांस तक लड़ना जानती है। नौवीं बार चैंपियन बनना इसी जज्बे और प्रतिभा का प्रमाण है।
ICC Under19 World Cup : वैभव सूर्यवंशी की सुनामी में डूबा इंग्लैंड,छठवीं बार भारत बना वर्ल्ड चैंपियनये भी पढ़ें :-