IPL के इस सेमीफाइनल मुकाबले में राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल केवल 1 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार हो गए। इसके बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और 47 गेंदों पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए तथा स्ट्राइक रेट 204 से अधिक रहा। ध्रुव जुरेल भी जल्दी आउट हो गए, लेकिन रविंद्र जडेजा ने 35 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाकर पारी को संभाला। आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा ने केवल 11 गेंदों पर नाबाद 38 रन ठोककर राजस्थान को 214/6 तक पहुंचा दिया।
हालांकि गुजरात की बल्लेबाजी शुरुआत से ही आक्रामक रही। साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने राजस्थान के गेंदबाजों पर लगातार हमला बोला। सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने केवल 53 गेंदों में 104 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। गिल ने 15 चौके और 3 छक्के लगाए। दोनों के बीच 167 रन की साझेदारी ने मैच पूरी तरह गुजरात की ओर मोड़ दिया।
साई सुदर्शन एक बार फिर “हिट विकेट” आउट होकर चर्चा में रहे। वहीं राहुल तेवतिया और जोस बटलर ने अंत तक टिककर टीम को फाइनल का टिकट दिला दिया।
मैच के दौरान कई नाटकीय घटनाएं भी हुईं। रविंद्र जडेजा को बल्लेबाजी के दौरान चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा, हालांकि बाद में वे दोबारा बल्लेबाजी करने लौटे। दूसरी ओर मोहम्मद सिराज भी कंधे की तकलीफ से जूझते दिखे।
राजस्थान की हार के बावजूद सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की रही। उन्होंने इस सीजन में कई रिकॉर्ड बनाए और क्वालिफायर-2 में भी इतिहास रच दिया। वे आईपीएल के पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने, जबकि सबसे तेज 1000 आईपीएल रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हुआ।
अब आईपीएल 2026 का फाइनल गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। शुभमन गिल की टीम तीसरी बार फाइनल में पहुंची है और उसके हौसले बुलंद हैं, जबकि राजस्थान का अभियान एक और अधूरे सपने के साथ समाप्त हो गया।
ये भी पढ़ें :-आईपीएल फाइनल : आरसीबी पंजाब किंग्स को हराकर बनी चैंपियन, 18 साल बाद विराट का सपना हुआ पूरा