इस सिलसिले की शुरुआत अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में चक्रवात ‘अर्णव’ से हुई थी। 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराए इस तूफान ने भारी तबाही मचाई। आंध्र प्रदेश में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जान-माल का नुकसान हुआ। ओडिशा में भूस्खलन की घटनाओं में भी लोगों की जान गई। आंध्र प्रदेश में खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हुईं, बिजली के हजारों खंभे और सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं। राज्य सरकार के शुरुआती आकलन में अर्णव से करीब 4,764 करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। करीब 3.52 लाख हेक्टेयर में फसलें प्रभावित हुईं और 4.63 लाख किसानों को नुकसान पहुंचा।
मुरासु ने बढ़ाई किसानों और मछुआरों की मुश्किलें
अर्णव के नुकसान की भरपाई और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं बहाल करने की कोशिशें जारी ही थीं कि 3 नवंबर को चक्रवात ‘मुरासु’ ने आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास दस्तक दे दी। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। तेज हवाओं और बारिश से हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए, सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ तथा खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। राज्य में करीब 1.43 लाख हेक्टेयर की फसल प्रभावित हुई और लगभग 1.86 लाख किसान नुकसान की चपेट में आए। मुरासु से हुआ कुल नुकसान करीब 2,484 करोड़ रुपये आंका गया। दोनों तूफानों ने किसानों और मछुआरों की आजीविका पर दोहरी मार डाली।
केंद्र से मांगी गई हजारों करोड़ की मदद
लगातार दो चक्रवातों से हुए नुकसान के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता मांगी। उन्होंने अर्णव और मुरासु से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की अंतरिम सहायता का अनुरोध किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से बातचीत कर हालात की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। अर्णव के बाद केंद्र की सात सदस्यीय टीम ने नुकसान का आकलन किया, जबकि मुरासु के बाद आठ सदस्यीय अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। हालांकि, आकलन और सहायता के आश्वासन को केंद्र से राशि जारी होने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
अब अकवान की चुनौती, फिर बेघर होने और रोजी-रोटी छिनने का डर
अब तीसरे चक्रवात अकवान ने तटीय आबादी की चिंता और बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 19 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक, अकवान उत्तरी आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिणी ओडिशा के तट से 20 नवंबर को दोपहर तक टकरा सकता है। इसके दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
लगातार तूफानों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी तटीय गांवों में रहने वाले गरीब परिवारों, किसानों, मछुआरों और छोटे कारोबारियों को हो रही है। एक तूफान के बाद घरों की मरम्मत, फसल के नुकसान की भरपाई और रोजगार दोबारा शुरू करने की जद्दोजहद पूरी भी नहीं होती कि अगली आपदा सामने खड़ी हो जाती है। ऐसे में अकवान सिर्फ एक मौसमी खतरा नहीं, बल्कि पहले से आर्थिक संकट झेल रहे हजारों परिवारों के सामने एक और बड़ी चुनौती बनकर आया है।
ये भी पढ़ें :-चक्रवाती तूफान अर्णब का कहर: दिल्ली से पहाड़ों तक तबाही, उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पायलट समेत 6 की मौत