जनजातीय कला भारतीय कला और सांस्कृतिक परम्परा की अभिन्न धारा : प्रो. आनंद बर्धन

इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के जनपद सम्पदा प्रभाग की ओर से जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ‘ज्ञानपथ’ शृंखला के तहत विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। व्याख्यान का विषय था- ‘द थिअरिटिकल कैटेगराइजेशन ऑफ ट्राइबल आर्ट्स एंड देयर सिन्क्रेटिक एग्ज़िस्टेन्स इन क्लासिकल इंडियन हेरिटेज एंड हिस्ट्री : अ क्रिटिकल अप्रेजल’ (भारतीय शास्त्रीय विरासत और इतिहास में जनजातीय कलाओं का सैद्धांतिक वर्गीकरण तथा उनका समन्वयात्मक अस्तित्व : एक आलोचनात्मक मूल्यांकन) और वक्ता थे डॉ. बी. आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली के स्कूल ऑफ हेरिटेज रिसर्च एंड मैनेजमेंट के डीन प्रो. आनंद बर्धन। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने की। आईजीएनसीए के डीन प्रो. सुधीर लाल ने मुख्य वक्ता का परिचय एवं संबोधन किया, जबकि जनपद सम्पदा प्रभाग के अध्यक्ष प्रो. के. अनिल कुमार ने स्वागत वक्तव्य दिया।

बाएं से दाएं - अर्णव गोस्वामी, प्रो. के. अनिल कुमार, प्रो. आनंद वर्धन और प्रो. सुधीर लाल
Written By : डेस्क | Updated on: November 19, 2026 10:54 pm

प्रो. आनंद बर्धन ने भारतीय समाज और संस्कृति के अध्ययन में ‘जनजाति’ की औपनिवेशिक एवं पश्चिमी अवधारणा की आलोचनात्मक समीक्षा करते हुए कहा कि पश्चिमी मानवशास्त्रीय परिभाषा भारतीय शास्त्रीय परम्परा में वर्णित समुदायों की अवधारणा से मेल नहीं खाती। भारतीय समाज को समझने के लिए स्थानीय, देशज और लोक परम्पराओं को अलग-अलग खांचों में देखने के बजाय उनके पारस्परिक सम्बंधों और समन्वयकारी स्वरूप को समझना आवश्यक है। उन्होंने कौटिल्य के अर्थशास्त्र, ऐतरेय ब्राह्मण तथा अन्य भारतीय ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता के भीतर एक अंतर्निहित एकात्मता विद्यमान रही है। यहां विभिन्न समुदायों की अपनी विशिष्ट पहचान और जीवन-पद्धतियां होते हुए भी वे एक-दूसरे से निरंतर जुड़े रहे हैं।

प्रो. बर्धन ने कहा कि भारतीय कला, स्थापत्य, धर्म और दर्शन के विकास में स्थानीय एवं देशज समुदायों का योगदान अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहा है। भारतीय कला के अनेक शास्त्रीय प्रतिमानों की प्रेरणा लोकजीवन, स्थानीय स्थापत्य और समुदायों की पारम्परिक अभिव्यक्तियों से मिली है। उन्होंने स्तूप निर्माण की परम्परा, मेगालिथ, मेनहिर, अशोक स्तंभों, तोरणों तथा बौद्ध स्थापत्य के उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया कि किस प्रकार स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परम्पराएं विकसित होकर भव्य स्मारकीय कला का स्वरूप ग्रहण करती गईं। उनके अनुसार, स्तूप की संरचना में समाधि-परम्परा, धातुगर्भ, यष्टि और वेदिका जैसे तत्त्वों के माध्यम से लोकविश्वास, कृषि-संस्कृति और दार्शनिक चिंतन का समन्वय दिखाई देता है।

उन्होंने भारतीय मंदिर स्थापत्य के विकास में स्थानीय आवासीय संरचनाओं और पारम्परिक निर्माण शैलियों की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। गुफा स्थापत्य, मेहराबदार प्रवेशद्वार, छतों की बनावट, कुटी और शाला जैसी संरचनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि स्थानीय काष्ठ स्थापत्य और लोक निर्माण परम्पराओं ने आगे चलकर पत्थर एवं ईंट से निर्मित भव्य मंदिरों की स्थापत्य शैली को प्रभावित किया। दक्षिण भारतीय मंदिरों के गोपुरम, ओडिशा के वैताल देउल और खाखरा देउल तथा बंगाल की चाला शैली के उदाहरण इस अंतर्सम्बंध को समझने में महत्त्वपूर्ण हैं।

प्रो. बर्धन ने भगवान जगन्नाथ की परम्परा को लोक और शास्त्र के पारस्परिक संवाद का उल्लेखनीय उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ परम्परा में दारु ब्रह्म की अवधारणा, स्थानीय आस्था, जनजातीय एवं ग्रामीण धार्मिक व्यवहार तथा विकसित मंदिर स्थापत्य का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। रथयात्रा जैसी परम्पराएं इस सांस्कृतिक संवाद को और अधिक व्यापक बनाती हैं। इसी क्रम में उन्होंने यक्ष-यक्षिणी परम्परा, किरात स्वरूप में भगवान शिव, गुडिमल्लम के शिवलिंग तथा झारखंड के टांगीनाथ का उल्लेख करते हुए भारतीय प्रतिमा विज्ञान और देवी-देवताओं की अवधारणाओं के निर्माण में स्थानीय सांस्कृतिक प्रभावों को रेखांकित किया।

शक्ति उपासना के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत के विभिन्न क्षेत्रों में मातृदेवी की उपासना की समृद्ध परम्परा रही है। शास्त्रीय परम्परा ने इन क्षेत्रीय एवं स्थानीय देवी-स्वरूपों को आदिशक्ति की व्यापक अवधारणा में समाहित किया। उन्होंने शाक्त प्रमोद, दुर्गा सप्तशती और ललिता सहस्रनाम जैसे ग्रंथों का उल्लेख करते हुए वनदुर्गा, वनखंडी तथा विभिन्न क्षेत्रीय देवी-परम्पराओं के माध्यम से भारतीय धार्मिक संस्कृति के समन्वयकारी स्वरूप को समझाया। अपने वक्तव्य का निष्कर्ष बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत की कला और संस्कृति का निर्माण विभिन्न स्थानीय, लोक, क्षेत्रीय एवं देशज धाराओं के सतत संवाद और समन्वय से हुआ है। व्याख्यान के पश्चात आईजीएनसीए के डीन प्रो. सुधीर लाल ने प्रो. बर्धन के व्याख्यान को अत्यंत ज्ञानवर्धक और विचारोत्तेजक बताया।

उन्होंने कहा कि व्याख्यान में प्रस्तुत अनेक सूत्र भारतीय संस्कृति और उसकी अभिव्यक्तियों को समझने के लिए नए दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। उन्होंने ‘लोक’ शब्द की भारतीय अवधारणा पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय परम्परा में लोक केवल किसी स्थान या क्षेत्र का संकेत नहीं है, बल्कि उस क्षेत्र में निवास करने वाले समुदायों और उनकी जीवन-पद्धतियों का भी बोध कराता है।  प्रो. सुधीर लाल ने कहा कि प्रो. बर्धन ने वैदिक साहित्य से लेकर अर्थशास्त्र, अभिलेखों और तमिल साहित्यिक परम्परा तक अनेक संदर्भों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की व्यापकता को सामने रखा। उन्होंने तोलकाप्पियम, नाट्यशास्त्र, ओडिशा की मादल पांजी, पंढरपुर की विठ्ठल परम्परा और महाराष्ट्र के खंडोबा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की विविध सांस्कृतिक परम्पराओं में अनेक समानताएं और अंतर्संबंध दिखाई देते हैं।

ये भी पढ़ें :-आईजीएनसीए में सिंधु-सरस्वती सभ्यता पर नए सिरे से मंथन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *