साझी सांस्कृतिक विरासत एससीओ देशों को जोड़ने वाला मजबूत सेतु : गजेंद्र सिंह शेखावत

भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दूसरे दिन सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला एवं वास्तुकला की साझा विरासत तथा ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों पर केंद्रित विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में एससीओ सदस्य देशों और संवाद सहयोगी देशों के मंत्रियों, वरिष्ठ प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, इतिहासकारों एवं कला-संस्कृति विशेषज्ञों ने भाग लिया। दिनभर चले विमर्श में विभिन्न सभ्यताओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साझा कलात्मक परम्पराओं और ऐतिहासिक संपर्कों के विविध आयामों पर विचार-विमर्श हुआ।

Written By : डेस्क | Updated on: November 22, 2026 12:08 am

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने 20 नवंबर को इसका उद्घाटन किया था। इस आयोजन का उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करना, साझा सभ्यतागत सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से आपसी समझ एवं सहयोग को बढ़ावा देना तथा सांस्कृतिक संवाद के नए अवसर विकसित करना है। इस कार्यक्रम का ‘नॉलेज पार्टनर’ इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र है।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री  गजेंद्र सिंह शेखावत ने दूसरे दिन ‘सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति’ विषय पर आयोजित पहले एवं दूसरे संयुक्त सत्र की अध्यक्षता करते हुए कहा, ऐतिहासिक सम्बंधों ने हमारे देशों को एक-दूसरे के निकट लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन्होंने पारस्परिक समझ, विश्वास और मैत्री को बढ़ावा देने में सांस्कृतिक सहयोग की अपार संभावनाओं को भी प्रभावी ढंग से उजागर किया है। आज हमारी विचार-विमर्श की प्रक्रिया उस शाश्वत वैदिक प्रार्थना की भावना से गहराई से जुड़ी हुई है, जिसका उल्लेख  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने कल (20 नवंबर) किया था – “ओम् संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्।” अर्थात्, हम सब साथ चलें, मिलकर विचार-विमर्श करें और हमारे मन एक-दूसरे के साथ सामंजस्य स्थापित करें। हमारी सभ्यताएं केवल अतीत की विरासत मात्र नहीं हैं, बल्कि जीवंत परंपराएं हैं, जिनका ज्ञान आज भी हमारे वर्तमान को आलोकित कर रहा है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने स्वागत संबोधन एवं फोरम की विषयवस्तु का परिचय देते हुए कहा कि एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच सदस्य देशों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक संबंधों और साझा सभ्यतागत मूल्यों को समझने तथा विचारों के आदान-प्रदान का महत्त्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसद्दिक मसूद मलिक ने पुराना किला की खुदाई में मिले विभिन्न काल के पुरातात्त्विक अवशेषों का हवाला देते हुए कहा, यह किला, जिसमें हम बैठे हैं, अपने आप में एक कहानी है। इसकी नींव हुमायूं ने रखी थी, जो तैमूर के वंश से थे और मध्य एशिया से यहां आए थे। इसके निर्माण को आगे बढ़ाया शेरशाह सूरी ने, जो अफगानिस्तान से आए थे। यानी एक ही दीवार में दो अलग-अलग शासकों की कला, दो सांस्कृतिक परतें और दो परम्पराओं के निशान मौजूद हैं। यही विविधता है, जिसका उत्सव मनाने के लिए आपने हमें यहां आमंत्रित किया है। आपने इसे ‘तहज़ीब की गुफ़्तगू’ यानी ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग’ कहा है।

उन्होंने आगे कहा, संवाद विविधताओं के बीच ही होता है। शेखावत साहब, आपने कल मुझे उन परतों के बारे में बताया था, जो हजारों वर्षों से यहाँ की जीवन-परंपरा का हिस्सा रही हैं। इसलिए यह समझना महत्त्वपूर्ण है कि विशिष्ट पहचान अपनी जगह महत्त्वपूर्ण है और विविधताओं के बीच संवाद भी उतना ही जरूरी है। हम इसी संवाद के लिए यहां एकत्र हुए हैं। यानि अनेक आवाजें, अनेक पहचानें और उनके बीच विचारों का निर्बाध आदान-प्रदान। इन विविध पहचानों को स्वीकार करने, उन्हें सम्मान देने, अपनाने और उनके साथ आगे बढ़ने में ही हमारी समझदारी और साहस दोनों निहित हैं।

विदेश मंत्रालय में अपर सचिव तथा शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी ने पहले सत्र की चर्चाओं का सार प्रस्तुत करते हुए कहा, एससीओ के दृष्टिकोण से विचार व्यक्त करते हुए मैं कहना चाहूंगा कि यह बात स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आई है कि एससीओ को अब अपने सुरक्षा-केंद्रित दृष्टिकोण से आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

इस संयुक्त सत्र में अज़रबैजान के संस्कृति मंत्री श्री आदिल करीमली, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री खड़क राज पौडेल (गणेश), पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसद्दिक मसूद मलिक तथा ताजिकिस्तान की संस्कृति मंत्री सुश्री मतलुबाखोन अमोनज़ोदा सत्तोरियोन सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। इसके अतिरिक्त बेलारूस, ईरान, कजाकिस्तान, कंबोडिया, किर्गिस्तान, लाओस, रूस, सऊदी अरब और उज्बेकिस्तान सहित अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
इसके पश्चात आयोजित सत्र में भारत सहित विभिन्न देशों के विद्वानों एवं विशेषज्ञों ने सभ्यताओं के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक सम्बंधों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं में दिल्ली विश्वविद्यालय के फारसी विभाग के प्रो. चंद्रशेखर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. श्रीकांत कोंडापल्ली, इंडोलॉजिस्ट श्री मेघ कल्याणसुंदरम, भारतीय विश्व मामलों की परिषद (आईसीडब्ल्यूए) के वरिष्ठ शोध अध्येता डॉ. संजीव कुमार तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. पुनीत गौर शामिल रहे।

 ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से पिघलेगी बर्फ? मोदी के संदेश के मायनेये भी पढ़ें :-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *